डिंडौरी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी ने डिंडौरी विकासखंड की ग्राम पंचायत विदयपुर, हिनौता एवं जुनवानी में संचालित विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, कार्यपालन यंत्री आरईएस ललित वैद्य, परियोजना अधिकारी मनरेगा प्रदीप कुमार शुक्ल, जनपद पंचायत के सीईओ प्रमोद कुमार ओझा, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री मनरेगा उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत विदयपुर के ग्राम खाम्ही रैयत में मनरेगा योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में निर्मित पर्कोलेशन टैंक एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बने सार्वजनिक तालाब का निरीक्षण किया गया। सार्वजनिक तालाब में जल भराव पाए जाने पर जल संकट के समाधान एवं जल स्तर वृद्धि के प्रयासों की सराहना की गई। वहीं पर्कोलेशन टैंक में बंड निर्माण के दौरान पिचिंग कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक न पाए जाने पर उपयंत्री रविन्द्र भाजीपाले को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए और सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को गुणवत्ता सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत हिनौता में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बनाए जा रहे खेत तालाबों में श्रमिक नियोजन न होने एवं कार्य अपूर्ण पाए जाने पर उपयंत्री को तत्काल मस्टररोल जारी कर श्रमिकों का नियोजन सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन कार्य प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात ग्राम पंचायत जुनबानी में प्रधानमंत्री जनजाति उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत आयोजित सर्वे शिविर का निरीक्षण करते हुए सीईओ जिला पंचायत ने सर्वे दल को घर-घर जाकर सर्वे करने, किसी भी मजरा टोला या ग्राम को वंचित न रखने तथा सभी प्रपत्र पूर्ण कर समय-सीमा में सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर सर्वे की स्थिति की जानकारी भी ली।
जुनवानी के ग्राम खुरपार स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का निरीक्षण करते हुए सीईओ जिला पंचायत ने शिक्षकों को शैक्षणिक सत्र का पाठ्यक्रम समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम संबंधी प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक स्थिति का जायजा लिया गया। मध्याह्न भोजन योजना में निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन वितरित न पाए जाने पर संबंधित स्व-सहायता समूह को नोटिस जारी कर कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम खुरपार के ग्रामीणों द्वारा जल संकट की समस्या बताए जाने पर कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दो दिवस में जल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपूर्ण सीसी रोड निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने, मनरेगा के तहत किसानों को खेत तालाब का लाभ देने तथा स्थायी जल संकट समाधान हेतु सार्वजनिक तालाब के लिए स्थल चिन्हित कर सर्वे कर जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत को दिए गए।
