Dindori News : लोककल्याण शिविर : 1164 लोग हुए लाभान्वित, 28 वन अधिकार, 21 भूमिपूजन, 125 रोजगार चयन….

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

डिंडौरी। उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान समनापुर में शनिवार को लोक स्वास्थ्य कल्याणकारी शिविर सह रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाएँ, रोजगार अवसर तथा विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जनपद अध्यक्ष समनापुर श्रीमती पंवती कुशराम सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में भारत माता के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए लाभार्थियों से संवाद किया और शिविर आयोजन के उद्देश्य की जानकारी दी।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग द्वारा कुल 1164 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयाँ वितरित की गईं। साथ ही वन अधिकार अधिनियम के तहत 28 किसानों को वन अधिकार पत्र, स्व सहायता समूहों को 42 लाख रुपये की सीसीएल स्वीकृति, 11 व्यक्तियों को वृद्धा पेंशन स्वीकृति तथा कुल 21 स्थानों पर भूमिपूजन किया गया। इस दौरान छह व्यक्तियों को साइकिल वितरण और संबल योजना 2.0 के अंतर्गत 37 उत्तराधिकारियों को 80 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र भी दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छह आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, 11 लाड़ली लक्ष्मी स्वीकृति, चार गर्भवती महिलाओं को पोषण संबंधी परामर्श और चार महिलाओं को पोषण आहार किट प्रदान की गई। ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा मातृशक्ति संगठन को वाहन की चाबी सौंपी गई और रोजगार मेले में 125 युवाओं का एसआईएस कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में चयन किया गया।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि डिंडौरी एक जनजातीय बहुल जिला है इसलिए शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार लोक कल्याणकारी शिविर एवं रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने शिविर आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समनापुर में आयोजित यह मेले ग्रामीणों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे, जहां स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ आम जनता तक सीधे पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान उपार्जन केंद्र आवश्यकता अनुसार बढ़ाए जाएं और कृषि से संबंधित खाद, बीज और दवाइयों में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास, आंगनवाड़ी भवन और बहुउद्देश्यीय परियोजनाओं के विस्तार को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए आम जनता से सहयोग की अपील की।

जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते और जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने प्रशासनिक पहल को ग्रामीण विकास के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि शासन की योजनाएँ गरीब से गरीब व्यक्ति तक पहुँच रही हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *