डिंडौरी। जिला परियोजना समन्वयक श्रीमती स्वेता अग्रवाल ने आज एकीकृत माध्यमिक शाला भोंदूटोला (विकासखंड डिंडौरी) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शाला में दर्ज 225 विद्यार्थियों में से केवल 118 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। कम उपस्थिति को गंभीर मानते हुए जिला परियोजना समन्वयक ने संबंधित शाला प्रमुख को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया। निरीक्षण में संस्था में प्रधानाध्यापक सहित एमएल कुल 10 शिक्षक पदस्थ पाए गए। वहीं प्राथमिक शिक्षक श्रीमती स्वस्तिका पांडे अवकाश स्वीकृति के बिना अनुपस्थित मिलीं, जिसके चलते उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की जांच में भोजन का वितरण निर्धारित मेनू के अनुसार पाया गया। इस दौरान बच्चों से एमडीएम, एसएमसी एवं बीआरसी द्वारा संचालित व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा कर जानकारी भी ली गई। श्रीमती अग्रवाल ने शाला में शिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, साफ-सफाई तथा शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों को शत-प्रतिशत विद्यार्थी उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं शैक्षणिक स्तर में सुधार हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किए।




