— एकीकृत माध्यमिक विद्यालय जोगीग्वारा में मनाया गया संविधान दिवस…
डिंडौरी। लोकशिक्षण संचालनालय के निर्देशों के अनुरूप एकीकृत माध्यमिक विद्यालय जोगीग्वारा में संविधान दिवस सम्मानपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को याद करते हुए हुई। बताया गया कि 9 दिसम्बर 1946 को संविधान निर्मात्री सभा की पहली बैठक आयोजित हुई, जिसमें डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को स्थायी अध्यक्ष तथा डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा को अंतरिम अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर एच.सी. मुखर्जी नियुक्त हुए।
संविधान निर्माण की प्रक्रिया को विस्तार से बताते हुए शिक्षकों ने कहा कि 29 अगस्त 1947 को मसौदा समिति का गठन किया गया, जिसकी अध्यक्षता डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर को सौंपी गई। यह सात सदस्यीय समिति थी, जिसमें अल्लादी कृष्ण स्वामी अय्यर, एन. गोपाल स्वामी अय्यर, कन्हैयालाल मानिकलाल मुंशी, सैय्यद मोहम्मद सादुल्लाह, डी.पी. खेरतान (बाद में माधवराव) शामिल थे। संविधान के प्रारूप निर्माण में बी.एन. राव ने प्रमुख सलाहकार की भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न देशों की यात्रा कर उनके संविधानों का अध्ययन किया और भारतीय संविधान का प्रारूप तैयार किया।
शिक्षकों ने छात्रों को बताया कि संविधान का मसौदा 26 नवंबर 1949 को पारित हुआ और 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। भारतीय संविधान की 13 प्रमुख विशेषताओं, छह मौलिक अधिकारों तथा नागरिकों के कर्तव्यों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और एकता, अखंडता, समानता, जाति-धर्म के आधार पर भेदभाव न करने, परीक्षा–फीस–अंक जैसे मुद्दों पर समान नियम लागू होने की भावना के साथ शपथ ली। साथ ही डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं को नमन किया। अंत में विद्यालय में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।




