डिंडौरी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में डिंडौरी जिले ने इस बार उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। जिले के मतदान केंद्र क्रमांक 25 के बीएलओ श्रीकांत कुमार मार्को ने अपने क्षेत्र में 98 प्रतिशत फॉर्म भराव का लक्ष्य पूरा कर पूरे जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने प्रसन्नता जताते हुए अन्य सभी बीएलओ को उनसे प्रेरणा लेने की अपील की है। मार्को ने बताया कि उन्हें मतदान केंद्र 25 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपनी कार्यशैली के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन रात को ही अगले दिन की पूरी कार्ययोजना तैयार कर लेते थे—किस दिशा में जाना है, किन परिवारों से मिलना है और कितने फॉर्म लंबित हैं, इसकी सूची पहले से ही तैयार करते थे।
उन्होंने बताया कि सुबह वे सबसे पहले उन परिवारों से मिलते थे जो काम पर जाने से पहले घर पर उपलब्ध मिल जाते हैं। दोपहर 12 बजे तक आवश्यक फॉर्म भरवाकर वापस लौटना, और तत्पश्चात सभी फॉर्मों को उसी समय ऑनलाइन दर्ज करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया। इसके बाद दोपहर 2 बजे वे फिर से निकलकर उन परिवारों से मिलते थे जो इस समय घर पर उपलब्ध होते हैं। इसी नियमितता, योजना और अनुशासन के चलते उन्होंने आज दिनांक तक 98% कार्य पूर्ण कर लिया है। श्री मार्को ने विश्वास जताया कि शेष 2 प्रतिशत कार्य भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।





