Dindori News : 40 वर्षों से संचालित मछली बाजार को हटाने की तैयारी, व्यापारियों ने नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। शहपुरा नगर में पिछले चार दशकों से संचालित पारंपरिक मछली बाजार को हटाने की संभावित कार्यवाही के विरुद्ध स्थानीय मछली व्यापारियों ने नगर परिषद शहपुरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया है। व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि वार्ड नं. 02, उमरिया रोड स्थित नाले के पास शासकीय भूमि पर लगभग 40 वर्ष से मछली बाजार संचालित है, जहाँ से नगरवासियों की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति होती है। यह बाजार लंबे समय से न केवल उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक स्थान रहा है, बल्कि कई परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन भी है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से राजनीतिक प्रभाव एवं भू-माफिया के दबाव के चलते उन्हें इस स्थान से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि नगर परिषद द्वारा न तो कोई सूचना पत्र जारी किया गया है और न ही मछली बाजार हेतु कोई वैकल्पिक स्थान निर्धारित किया गया है। व्यापारियों ने आशंका व्यक्त की कि हाल ही में मिली जानकारी के अनुसार नगर परिषद बाजार को वर्तमान स्थान से हटाने का प्रस्ताव तैयार कर रही है।

— इसे लेकर दर्ज कराईं आपत्तियाँ

बाजार का संचालन वर्षों से नियमानुसार एवं विधिवत रूप से किया जा रहा है। हटाए जाने से मछली व्यापारियों एवं उनके परिवारों की आजीविका पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। वर्तमान स्थान उपभोक्ताओं की सुविधा, पारंपरिक बाजार व्यवस्था और परिवहन की उपलब्धता के कारण उपयुक्त है। व्यापारियों ने मांग की है कि जब तक उनके व्यापार के लिए सुरक्षित व समुचित वैकल्पिक स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता, मछली बाजार को वर्तमान स्थल से न हटाया जाए। नगर परिषद की ओर से इस मामले में कार्रवाई का स्थानीय स्तर पर लोगों और व्यापारियों को इंतजार है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *