डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विकासखंड शहपुरा के ग्राम पंचायत कोहनी देवरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सबसे पहले शासकीय कन्या प्राथमिक शाला कोहनी देवरी का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने छात्राओं से शैक्षणिक गतिविधियों एवं मीनू के अनुसार भोजन उपलब्धता के संबंध में चर्चा की। इस दौरान छात्राओं ने विद्यालय में पानी की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दो दिन के भीतर विद्यालय में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर कोहनी देवरी का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा वितरण केंद्र, डॉक्टर कक्ष, ओपीडी, जनरल वार्ड एवं स्टोर कक्ष का निरीक्षण करते हुए आवश्यक रजिस्टरों का अवलोकन किया। उन्होंने मेडिकल ऑफिसर विवेक साहू एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।निरीक्षण के दौरान एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, तहसीलदार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





