Dindori Crime News : रिश्तों को कलंकित करने वाली वारदात — दामाद ने ससुर की कर दी निर्मम हत्या…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। थाना शहपुरा क्षेत्र के ग्राम गुतली में कुछ दिन पूर्व खेत में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान विष्णु सिंह पिता जोन सिंह उम्र 56 वर्ष निवासी गुतली रैयत के रूप में हुई थी। मृतक के सिर और चेहरे पर किसी ठोस वस्तु से वार किए जाने के निशान पाए गए थे, जिससे स्पष्ट था कि उसकी निर्मम हत्या की गई है। इस घटना पर थाना शहपुरा में अपराध क्रमांक 581/25, धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना प्रारंभ की थी।

— वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित की गई विशेष जांच टीम

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी शहपुरा के मार्गदर्शन में थाना शहपुरा पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मृतक के परिजनों, ग्रामीणों एवं परिचितों से लगातार पूछताछ की और सुराग जुटाने का प्रयास किया।

— दामाद पर गहराया शक — पूछताछ में उगले राज

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक का अपने दामाद भूपत सिंह मार्को से कुछ माह पूर्व चैत नवरात्र के समय विवाद हुआ था, जिसके दौरान दामाद ने ससुर को जान से मारने की धमकी दी थी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने जब संदेही भूपत सिंह मार्को को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

— पत्नी और ससुर के संबंधों पर शंका बनी हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे अपनी पत्नी और ससुर विष्णु सिंह के बीच अनुचित संबंधों की शंका थी। इसी शक के कारण उसने बदला लेने की ठान ली थी। 03 नवंबर 2025 की रात जब मृतक खेत में बनी झोपड़ी में सो रहा था, तभी आरोपी ने मौका पाकर लकड़ी के चिल्पा (डंडे) से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

— पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस अंधे हत्याकांड का सफल खुलासा थाना प्रभारी अनुराग जामदार के नेतृत्व में किया गया। टीम में सउनि नंदकिशोर झरिया, सहायक उपनिरीक्षक विपिन जोशी, प्रधान आरक्षक महिपाल पंद्रे, आरक्षक राघवेंद्र मरावी, प्रवीण अवस्थी और अभिषेक पांडे की भूमिका सराहनीय रही।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *