डिंडौरी। जनपद पंचायत डिंडौरी के सदस्य संतोष सिंह चंदेल (क्षेत्र क्रमांक 17) ने जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी को पत्र लिखकर सचिव विहीन ग्राम पंचायतों में रोजगार सहायकों को सचिव का प्रभार सौंपने की मांग की है।
चंदेल ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत कुल 70 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से मात्र 56 पंचायतों में नियमित सचिव कार्यरत हैं, जबकि लगभग 14 पंचायतें सचिव विहीन हैं। इन पंचायतों में अन्य पंचायतों के सचिवों को डबल प्रभार सौंपा गया है, जिससे पंचायतों के विकास कार्यों में भारी बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि एक ही सचिव द्वारा दो पंचायतों का कार्यभार संभालने से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है, साथ ही पंचायतों के अभिलेख और जनहित कार्यों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।
चंदेल ने कहा कि पूर्व में मध्यप्रदेश शासन ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए थे कि सचिव विहीन पंचायतों में रोजगार सहायकों को अस्थायी रूप से सचिव का प्रभार सौंपा जाए, लेकिन इस आदेश का पालन अब तक प्रभावी रूप से नहीं हुआ है। वहीं उन्होंने जिला प्रभारी मंत्री से अनुरोध किया कि सचिव विहीन ग्राम पंचायतों में शीघ्र ही रोजगार सहायकों को सचिव का प्रभार देने के निर्देश जारी किए जाएं, जिससे पंचायतों के विकास कार्यों को गति मिल सके और ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त हो सके।
