Dindori Breking News : महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका — पुलिस पर लापरवाही और मामले को दबाने का आरोप…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। समनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झांखी में 16 अक्टूबर की सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका विद्यावती पति लोक सिंह परस्ते का शव गांव की ही चंदा बाई पति बहादुर सिंह के घर में मिला था। परिजनों ने महिला की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए थे। बताया गया कि मृतका के गले और मस्तिष्क में चोट के निशान थे, वहीं कान से खून बहने के निशान भी देखे गए। परिजनों का कहना है कि महिला की नाक की नथिया गायब थी और हाथों में चूड़ियां भी नहीं थीं। घटना स्थल की जमीन को पानी से साफ किया गया था जिससे साक्ष्य मिटाने की कोशिश का संदेह और गहरा गया है। परिजनों ने समनापुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना की जानकारी 16 अक्टूबर को सुबह 10:43 बजे थाने में दी गई थी, लेकिन उसकी पावती उन्हें 15 दिन बाद दी गई। साथ ही, जो बयान उन्होंने पुलिस को दिया था, उसे पावती में दर्ज नहीं किया गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मृतका के माता-पिता की रिपोर्ट दर्ज करने से भी इंकार कर दिया और उन्हें थाने से भगा दिया गया।

पुलिस की उदासीनता से आहत होकर मृतका के भाई नवल सिंह परस्ते ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन थाना प्रभारी ने जांच का आश्वासन देकर शिकायत को बंद करा दिया। इसके बाद भी कोई ठोस जांच नहीं की गई और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने पुनः 15 दिन बाद समनापुर थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद समनापुर थाने से चार सदस्यीय टीम गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

परिजनों का कहना है कि घटना के पंद्रह दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं दी गई है जिससे यह आशंका और गहरी हो रही है कि पुलिस जानबूझकर मामले को दबा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में थाना प्रभारी हरिशंकर तिवारी का कहना है कि महिला को उल्टी आई थी और उसकी मौत हो गई। प्राथमिक जांच में चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं दी जा सकी है। डॉक्टर के आने के बाद परिजनों को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जैसे ही तथ्य सामने आएंगे मामला स्पष्ट हो जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *