डिंडौरी। थाना करंजिया अंतर्गत ग्राम छपरापारा में 32 वर्षीय महिला की उसके घर में हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना 31 अक्टूबर 2025 को प्राप्त होते ही करंजिया पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुँचकर जांच प्रारंभ की गई।
घटनास्थल पर मृतका राखी रौतेल (उम्र 32 वर्ष) का शव घर के अंदर खटिया पर मिला। मृतका के सिर के बाईं ओर गंभीर चोट एवं घुटनों के नीचे खरोंच के निशान पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डिंडौरी श्रीमती वाहनी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा एवं एसडीओपी बजाग श्री विवेक गौतम ने मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया तथा घटना स्थल का वीडियोग्राफी कराया।
जांच के दौरान मृतका की पुत्री एवं ग्रामीणों से पूछताछ में प्राप्त जानकारी के आधार पर मृतका के पति संजय रौतिया पिता इत्तू रौतिया (उम्र 34 वर्ष), निवासी छपरापारा थाना करंजिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद के दौरान लकड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या की।
पुलिस ने आरोपी से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी (हथियार) बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। इस प्रकरण के त्वरित एवं सफल अन्वेषण में एसडीओपी बजाग विवेक गौतम, थाना प्रभारी करंजिया निरीक्षक नरेन्द्र पाल, उप निरीक्षक शारदा प्रसाद बनोटे, सउनि दादूलाल मरावी, प्रआर. दिगम्बर उइके, प्रआर. माखन सिंह, प्रआर. जगन सिंह मार्को, आर. सतेन्द्र उइके, आर. प्रहलाद तथा आर. मुकेश उइके की सराहनीय भूमिका रही।




