Dindori News : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने कलेक्टर की पहल — सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बनी ठोस कार्ययोजना…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने की।

बैठक में ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सुधारात्मक कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई और एक ठोस कार्ययोजना तैयार की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी विभागों को समन्वय के साथ मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने शहरी सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों के प्रबंधन, सड़क किनारे के अतिक्रमण हटाने, ऑटो स्टैंड एवं चौपाटी के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारण, और व्यस्त चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने जैसे बिंदुओं पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर भदौरिया ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को निर्देशित किया कि शहर की सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को चिन्हांकित कर गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण, विद्युत मंडल, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए और सड़क सुरक्षा के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *