Dindori Crime News : अधेड़ व्यक्ति की नृशंस हत्या का खुलासा — पुत्र और छोटे भाई ने ही रची थी साजिश, दोनों गिरफ्तार…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। शहपुरा थाना पुलिस ने अधेड़ व्यक्ति की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मृतक के पुत्र और छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और जमीन बेचने का झगड़ा मुख्य कारण बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विगत दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को थाना शहपुरा को सूचना मिली कि ग्राम चौरा डैम नहर पुलिया के पास एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो देखा कि शव के चेहरे और गले पर धारदार हथियार से गहरे घाव किए गए थे। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हुआ।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डिंडौरी के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी शहपुरा के मार्गदर्शन में जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान की गई और पता चला कि वह शराब और मांस का शौकीन था और गांव में उधारी के कारण कई लोगों से विवाद रहता था। इसके अलावा, उसका अपने पुत्र शिवकुमार मार्को से जमीन बेचने को लेकर विवाद भी चल रहा था।

संदेह के आधार पर जब पुलिस ने पुत्र शिवकुमार मार्को से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने चाचा सिद्धू सिंह मार्को के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। दोनों ने 05 अक्टूबर 2025 की रात चौरा डैम नहर पुलिया के पास धारदार हथियार (बका) से वार कर अधेड़ व्यक्ति की हत्या कर दी।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से धारदार हथियार (बका), खून से सने कपड़े, मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है।

बता दें कि इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करने में इन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही — थाना प्रभारी: अनुराग जामदार ल,सहायक उप निरीक्षक: नंदकिशोर झारिया, बिपिन जोशी, शेख आज़ाद,प्रधान आरक्षक: राघवेंद्र सिंह, कमलेश मरावी, प्रवीण अवस्थी आरक्षक: अभिषेक पांडेय ।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *