मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में गुरुवार, 11 सितंबर को मुख्यमंत्री निःशुल्क स्कूटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव का सीधा प्रसारण प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू व्यौहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं अभिभावक उपस्थित रहे। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि जिले के 69 हायर सेकेंडरी विद्यालयों से चयनित 136 प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की गई, जिनमें 67 छात्राएँ और 69 छात्र शामिल हैं। क्षेत्रवार वितरण में बजाग से 11, करंजिया से 22, डिंडौरी से 31, समनापुर से 15 और शहपुरा से 27 विद्यार्थी लाभान्वित हुए।
शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके समय में पढ़ाई में अनेक बाधाएँ थीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई बीच में छोड़कर राजनीति में कदम रखा। उन्होंने कहा कि आज सरकार विद्यार्थियों की हर संभव मदद कर रही है। निःशुल्क स्कूटी, साइकिल, ड्रेस और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएँ छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। विधायक ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएँ और मेहनत व लगन से पढ़ाई कर अपने माता-पिता, समाज और जिले का नाम रोशन करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों की पढ़ाई और प्रगति के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ चला रही है। साइकिल योजना, ड्रेस योजना, मध्यान्ह भोजन और अब स्कूटी वितरण जैसी योजनाएँ शिक्षा के मार्ग पर विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में सहायक हैं। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से कहा कि वे इस सहयोग का सदुपयोग करें और पूरी लगन से पढ़ाई कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।




