मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में पुलिस अधीक्षक श्रीमति वाहनी सिंह के निर्देशन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और मृत्युदर घटाने के उद्देश्य से 8 से 22 सितंबर 2025 तक विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत 11 सितंबर 2025 को ग्राम पंचायत भानपुर एवं पीएम श्री स्कूल भानपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में यातायात टीम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, हेलमेट पहनने, और सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। थाना प्रभारी यातायात सुभाष उईके ने बताया कि जिले में अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के कारण होती हैं। उन्होंने कैशलेस ट्रीटमेंट योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 1.5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है।
साथ ही, राहगीर (राहवीर) योजना के अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल को अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाता है, तो उसे 25,000 रुपये और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाता है। हिट एंड रन योजना के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि अगर किसी अज्ञात वाहन से हुई टक्कर में व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है और वाहन 30 दिनों तक नहीं मिलता, तो मृतक के परिजनों को 2,00,000 रुपये और गंभीर चोट की स्थिति में 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र से सुभाष उईके, आर.पी. कुशवाह, ग्राम पंचायत भानपुर के सरपंच शोभाराम धुर्वे, उपसरपंच मक्कु खान, और पीएम श्री स्कूल भानपुर के स्टाफ सहित लगभग 150-200 छात्र-छात्राओं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




