जिले में लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने और औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से जारी हुआ आदेश
डिंडौरी। जिले में लघु उद्योगों के विकास और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड का गठन किया गया है। कलेक्टर डिंडौरी की अध्यक्षता में गठित इस बोर्ड में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सात अशासकीय सदस्यों को शामिल किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र डिंडौरी द्वारा आदेश जारी किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार
जारी आदेश के अनुसार, मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के निर्देशों और विभागीय आदेश के पालन में बोर्ड का गठन किया गया है। इसमें कलेक्टर को अध्यक्ष और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन अधिकारियों को बनाया गया सदस्य
बोर्ड में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जिला नगरीय एवं आवास विभाग डिंडौरी-शहपुरा, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जिला खाद्य विभाग के श्रम अधिकारी, जिला ऊर्जा विभाग के कार्यपालन यंत्री, वाणिज्यिक कर अधिकारी तथा औद्योगिक केंद्र विकास निगम जबलपुर के महाप्रबंधक को सदस्य बनाया गया है।
सात अशासकीय सदस्यों को भी मिली जगह
बोर्ड में अशासकीय सदस्यों के रूप में गुलाब सिंह ठाकुर, राहुल पाण्डेय, मानबहादुर सिंह, अरविंद रजक, संतोष कुमार गुप्ता, कार्तिकराम उइके और राकेश मर्ले को शामिल किया गया है। इन सदस्यों की भागीदारी से जिले के व्यापारियों और उद्यमियों से जुड़े मुद्दों को बोर्ड के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक बोर्ड के सदस्य सचिव होंगे। बोर्ड के गठन को जिले में लघु उद्योगों के संवर्धन और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।

