— संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक में अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर लाभ देने के निर्देश
डिंडौरी। शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो और सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने हक के लिए परेशान न होना पड़े। इसके लिए सभी संबंधित विभाग समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही पूरी करें। यह निर्देश कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक में दिए। बैठक में शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पेंशन और अन्य देय स्वत्वों का लाभ समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों की पूर्ति समय रहते सुनिश्चित करें, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने पेंशन प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय-सीमा में कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित अन्य लंबित मामलों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। कलेक्टर ने विभागीय समन्वय के माध्यम से प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पात्र अधिकारी-कर्मचारियों को उनके देय लाभ समय पर उपलब्ध कराना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, ताकि संबंधित कर्मचारियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
