डिंडौरी। जिले में पंचायत निर्माण कार्यों में अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जनपद पंचायत डिंडौरी के ग्राम गणेशपुर में नवनिर्मित पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की राशि के आहरण का मामला सामने आया। इस पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचायत भवन निर्माण से संबंधित लगभग 40 लाख रुपये की राशि सरपंच, सचिव एवं पंचायत द्वारा पूरी तरह आहरित कर ली गई है। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने पंचायत सचिव भागवत प्रसाद यादव के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, सरपंच अमर सिंह पट्टा से संबंधित राशि की वसूली करने के साथ उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा है।
कलेक्टर के निर्देशों के बाद मामले में संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को पंचायत निर्माण कार्यों में वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

