MP Voter List 2027 : 12 नवंबर को आएगी मतदाता सूची की प्रारूप सूची, 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां; 4 जनवरी को फाइनल लिस्ट…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। मध्यप्रदेश में आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा, जबकि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पुनरीक्षण से संबंधित कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के तहत 2 नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची जारी की जाएगी।

प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।

डिंडौरी जिले में भी पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंजू पवन भदौरिया ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की समय-सारणी के अनुसार सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, प्रविष्टियों में सुधार कराने तथा पात्र मतदाताओं से संबंधित अन्य दावों एवं आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी। निर्वाचन अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *