भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार अधिकारियों की पदस्थापना में परिवर्तन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में 18 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से स्थानापन्न पदस्थापना दी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, वर्ष 2015 बैच की IAS अधिकारी संस्कृति जैन, जो वर्तमान में नगर पालिक निगम भोपाल की आयुक्त तथा मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड की अपर प्रबंध संचालक के अतिरिक्त प्रभार में थीं, उन्हें मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग में उप सचिव पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं, वर्ष 2017 बैच की IAS अधिकारी अंजू अरुण कुमार, जो मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी भोपाल तथा नगर पालिक निगम भोपाल में अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं, उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वर्ष 2018 बैच के IAS अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार, जो नगर पालिक निगम जबलपुर के आयुक्त के पद पर कार्यरत थे, अब नगर पालिक निगम भोपाल के आयुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही उन्हें मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड, भोपाल के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसी तरह वर्ष 2020 बैच के IAS अधिकारी अग्रिम कुमार, जो जिला पंचायत छिंदवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर पदस्थ थे, उन्हें नगर पालिक निगम जबलपुर का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल के हस्ताक्षर से जारी हुआ है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित विभागों और वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। इन पदस्थापनाओं के बाद भोपाल और जबलपुर नगर निगम के आयुक्त पदों पर बदलाव हुआ है, जबकि दो अधिकारियों को राज्य शासन के विभागों में नई जिम्मेदारी दी गई है।


