MP Transfer News : मध्यप्रदेश में IAS अफसरों की बड़ी सर्जरी! 23 अधिकारियों की नई पदस्थापना, कई जिलों में बदले कलेक्टर….

Rathore Ramshay Mardan
5 Min Read

— जबलपुर, पन्ना, बालाघाट, सिंगरौली, रायसेन समेत कई जिलों के कलेक्टर बदले; मंत्रालय में भी विभागीय जिम्मेदारियों में फेरबदल

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक जमावट में बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 23 अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 13 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। इसके अलावा मंत्रालय में पदस्थ वरिष्ठ अधिकारियों के विभागीय दायित्वों और अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव किया गया है।

— जारी आदेश के अनुसार

आदेश के अनुसार, जबलपुर, पन्ना, बालाघाट, सिंगरौली, रायसेन, हरदा, बुरहानपुर, शाजापुर, भिंड, मऊगंज और नर्मदापुरम सहित विभिन्न जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। कुछ अधिकारियों को मंत्रालय में उप सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है, जबकि कुछ को संभागीय और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इन अधिकारियों को मिली कलेक्टर की जिम्मेदारी

जारी आदेश के मुताबिक, अरुण कुमार विश्वकर्मा को रायसेन से जबलपुर कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, हर्ष सिंह को बुरहानपुर से पन्ना, आशीष वशिष्ठ को मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम और समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन की जिम्मेदारी से हटाकर नर्मदापुरम कलेक्टर बनाया गया है।

इसी तरह अंकित अस्थाना को सामान्य प्रशासन विभाग और कर्मचारी चयन मंडल से सिंगरौली कलेक्टर, आदित्य सिंह को गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग से बालाघाट कलेक्टर तथा रोहित सिसोनिया को किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग से रायसेन कलेक्टर बनाया गया है।

विवेक कुमार को नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग से बुरहानपुर कलेक्टर, डॉ. परिक्षित संजय राव झाड़े को इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद से शाजापुर कलेक्टर तथा कुमार सत्यम को बालाघाट से हरदा कलेक्टर पदस्थ किया गया है।

वहीं, पवन कुमार जैन को सहकारिता विभाग में उप सचिव के पद से भिंड कलेक्टर बनाया गया है। राजेश कुमार ओगरे को वाणिज्यिक कर विभाग से मऊगंज कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टरों को मंत्रालय में मिली जिम्मेदारी

प्रशासनिक फेरबदल में कुछ अधिकारियों को जिलों से मंत्रालय भेजा गया है। उषा परमार को पन्ना कलेक्टर के पद से हटाकर उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। संजय कुमार जैन को मऊगंज कलेक्टर से किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग में उप सचिव, सिद्धार्थ जैन को हरदा कलेक्टर से वाणिज्यिक कर विभाग में उप सचिव तथा किरोड़ी लाल मीना को भिंड कलेक्टर से वित्त विभाग में उप सचिव पदस्थ किया गया है।

गौरव बैनल को सिंगरौली कलेक्टर से सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव तथा कर्मचारी चयन मंडल के संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। ऋतु बाफना को शाजापुर कलेक्टर से उज्जैन संभाग में अपर आयुक्त (राजस्व) बनाया गया है। वहीं, राघवेंद्र सिंह को जबलपुर कलेक्टर से कृषि विपणन बोर्ड का प्रबंध संचालक-सह-आयुक्त मंडी पदस्थ किया गया है।

सोमेश मिश्रा को नर्मदापुरम कलेक्टर के पद से हटाकर एड्स नियंत्रण सोसायटी का संचालक और भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास का संचालक बनाया गया है। संदीप केरकेट्टा को मुख्यमंत्री सचिवालय तथा मध्यप्रदेश बीज एवं फार्म विकास निगम से इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार में भी बदलाव

आदेश में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय किए गए हैं। रश्मि अरुण शमी को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग से जुड़े दायित्व सौंपे गए हैं। सुखवीर सिंह को मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

के.सी. गुप्ता, शोभित जैन, संकेत एस. भोंडवे, स्वतंत्र कुमार सिंह, भारत यादव, अभय अरविंद बेडेकर और राजीव सिंह सहित अन्य अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में भी बदलाव किए गए हैं। इनमें कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि कुछ को पूर्व में दिए गए अतिरिक्त दायित्वों से मुक्त किया गया है।

शासन के इस आदेश से मंत्रालय और जिला प्रशासन, दोनों स्तरों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारियों को अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *