भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग ने अधीनस्थ लेखा सेवा संवर्ग के 234 अधिकारियों को पदोन्नति के फलस्वरूप नई पदस्थापना देने के आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों को मध्यप्रदेश वित्त सेवा संवर्ग के कनिष्ठ श्रेणी वेतनमान (सहायक संचालक स्तर) में पदोन्नति के बाद प्रदेश के विभिन्न विभागों, जिला कार्यालयों और शासकीय संस्थानों में पदस्थ किया गया है। आदेश में संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक
वित्त विभाग के जारी आदेश के अनुसार, अधिकारियों की पदस्थापना लेखाधिकारी, सहायक संचालक, वित्त अधिकारी सहित विभिन्न पदों पर की गई है। नई पदस्थापनाओं में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, कोष एवं लेखा विभाग, पेंशन कार्यालय, जिला पंचायतों, ग्रामीण विकास प्राधिकरण और ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण सहित कई विभागों एवं कार्यालयों को शामिल किया गया है।
आदेश में गुना, भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, हरदा, रीवा, सिवनी, बड़वानी, छिंदवाड़ा, बैतूल, देवास, छतरपुर, सतना, नर्मदापुरम, दमोह, कटनी, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, खंडवा, इंदौर और नरसिंहपुर सहित विभिन्न जिलों एवं संभागीय मुख्यालयों में पदस्थापना का उल्लेख है।
जारी आदेश में मनमोहन पालीवाल को मध्यप्रदेश ग्रामीण विकास प्राधिकरण-1, गुना में लेखाधिकारी पदस्थ किया गया है। राजेन्द्र पाटिल को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू), भोपाल में लेखाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। श्रीमती हेमलता पाल और सुनील कुमार चौधरी को कार्यालय आयुक्त कोष एवं लेखा, भोपाल में सहायक संचालक पद पर पदस्थ किया गया है। इसी तरह अन्य अधिकारियों को भी उनकी नवीन पदस्थापना के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए तत्काल कार्यमुक्त किया जाता है। अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के बाद संबंधित कार्यालय के माध्यम से पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा। वित्त विभाग के 12 जुलाई 2026 के पदोन्नति आदेश की अन्य शर्तें यथावत रहेंगी। वित्त विभाग के इस आदेश से प्रदेश के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में लेखा एवं वित्तीय कार्यों से जुड़े अधिकारियों की पदस्थापना और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
