मध्यप्रदेश के जबलपुर में दुकान के नामांतरण के एवज में ₹5 हजार रिश्वत की मांग करने वाले आधारताल तहसील में पदस्थ पटवारी मनोज बघेल को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने ₹2 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 1 अक्टूबर 2026 को कृषि उपज मंडी, मनमोहन नगर स्थित गायत्री मंदिर के पास की गई।
दरअसल ईओडब्ल्यू के प्रेस नोट के अनुसार कटंगी निवासी शरद विश्वकर्मा ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ में शिकायत की थी कि उनकी मां श्रीमती राधा विश्वकर्मा द्वारा तीन सिटी माढ़ोताल, जबलपुर स्थित एक दुकान खरीदी गई थी। दुकान के नामांतरण की प्रक्रिया के लिए हल्का नंबर-2, तहसील आधारताल में पदस्थ पटवारी मनोज बघेल द्वारा ₹5 हजार रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत की मांग सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया। निर्धारित कार्रवाई के दौरान पटवारी मनोज बघेल को ₹2 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। प्रेस नोट के मुताबिक आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, संशोधित 2018 की धारा 7(ए) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में ईओडब्ल्यू की कार्रवाई जारी है।

