— तीन दिन में चबूतरे का निर्माण कर प्रतिवेदन देने के निर्देश, नहीं तो वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
डिंडौरी। नर्मदा पुलपार पेंशनर्स चौराहा स्थित ध्वजारोहण स्थल पर बनाए गए चबूतरे को तोड़े जाने का मामला सामने आया है। नगर परिषद डिंडौरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने नर्मदा मेडिकल के संचालक विनोद वर्मा को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर चबूतरे का निर्माण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
नगर परिषद द्वारा जारी नोटिस में बताया गया है कि प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन डिंडौरी की ओर से पेंशन फोरम की बैठक में राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण के लिए स्थान निर्धारित करने और चबूतरा निर्माण का अनुरोध किया गया था। कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर परिषद द्वारा वर्ष 2025 में नर्मदा पुलपार पेंशनर्स चौराहा स्थित शासकीय भूमि पर ध्वजारोहण के लिए उक्त चबूतरे का निर्माण कराया गया था।
नोटिस में प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन के 6 अक्टूबर 2026 के पत्र का हवाला देते हुए कहा गया है कि 4 अक्टूबर को नर्मदा मेडिकल के संचालक विनोद वर्मा द्वारा जिला महामंत्री राममूरत सिंह ठाकुर को मोबाइल फोन पर बुलाया गया। पत्र के अनुसार, उन्हें बताया गया कि उक्त स्थल पर निर्माण कार्य किया जा रहा है और चबूतरे को तोड़ा जाना है। इसके बाद चबूतरा तोड़ दिए जाने का उल्लेख किया गया है।
नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने विनोद वर्मा को निर्देशित किया है कि उनके द्वारा तोड़े गए उक्त चबूतरे का तीन दिवस के भीतर निर्माण कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। ऐसा नहीं किए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित किए जाने की बात नोटिस में कही गई है। मामले की प्रतिलिपि कलेक्टर डिंडौरी, नगर परिषद अध्यक्ष, कोतवाली थाना प्रभारी तथा प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन को भी भेजी गई है। अब मामला नगर परिषद की कार्रवाई और जांच के दायरे में है।
