डिंडौरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान डिंडौरी में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष वर्चुअल संबोधन सुना। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लाइव उद्बोधन भी हुआ।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सेवा ज्योति यात्रा को गांव-गांव के लिए रवाना किया। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं, हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा संबंधित विभागीय सेवाओं के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
अभियान के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों पर भी जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच को और प्रभावी बनाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि सेवा, संकल्प और विकसित भारत के लक्ष्य के साथ डिंडौरी आगे बढ़ रहा है। सेवा ज्योति अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण नागरिकों को योजनाओं की जानकारी मिलने से वे अपनी पात्रता के अनुसार उनका लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने नागरिकों से जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, डीएफओ अशोक कुमार सोलंकी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, जिला पंचायत सदस्य हीरा रूद्रेश परस्ते, जनपद अध्यक्ष आशा सिंह, रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

