— उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश, उज्जैन, ग्वालियर, इंदौर, भोपाल समेत कई विश्वविद्यालयों में बदली जिम्मेदारी
भोपाल । मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के विभिन्न सार्वजनिक विश्वविद्यालयों में पदोन्नत कुलसचिवों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। विभाग द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत 10 कुलसचिवों को अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विभागीय आदेश के अनुसार, इससे पहले 17 अगस्त 2026 को विभिन्न विश्वविद्यालयों में पदस्थ उप कुलसचिवों को कुलसचिव के पद पर स्थानापन्न रूप से दो वर्ष की परीक्षण अवधि के अधीन पदोन्नत किया गया था। अब पदोन्नति के बाद संबंधित अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।
आदेश के तहत अनिल कुमार शर्मा को कुलसचिव, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन पदस्थ किया गया है। डी.के. बग्गा को कुलसचिव, जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में अजीत श्रीवास्तव को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल में कुलसचिव के पद पर पदस्थ किया गया है। अजय वर्मा को कुलसचिव, क्रांतिवीर तात्या भील विश्वविद्यालय, खरगौन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रज्जवल खरे को कुलसचिव, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर तथा स्वाति वशिष्ठ को कुलसचिव, अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय, भोपाल पदस्थ किया गया है। वहीं शैलेन्द्र कुमार जैन को कुलसचिव, राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय, छिंदवाड़ा की जिम्मेदारी दी गई है।
रचना ठाकुर को कुलसचिव, डॉ. बी.आर. अम्बेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय, महू (इंदौर) पदस्थ किया गया है। रविशंकर सोनवाल को कुलसचिव, क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना तथा सुषमा सैयाम को कुलसचिव, महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट (सतना) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उच्च शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को 7 दिवस के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसकी सूचना विभाग को प्रेषित करनी होगी।

