— शाहपुर-रमपुरी मार्ग पर मां नर्मदा पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर खतरा, अज्ञात चोरों पर कार्रवाई की मांग
डिंडौरी। शाहपुर-रमपुरी मार्ग स्थित मां नर्मदा के लहर घाट पुल से लोहे की रेलिंग के पाइप काटकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत रमपुरी की ओर से इस संबंध में थाना प्रभारी डिंडौरी को लिखित आवेदन देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।
पंचायत द्वारा 21 सितंबर को दिए गए आवेदन के अनुसार, लहर घाट पुल पर सुरक्षा के लिए शासन द्वारा लोहे की रेलिंग लगाई गई थी। पंचायत का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से अज्ञात लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से रेलिंग के लोहे के पाइप काटकर चोरी किए जा रहे हैं। इससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ ही पुल की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
शिकायत में बताया गया है कि रेलिंग के पाइप चोरी होने से पुल से आवागमन करने वाले आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। पंचायत ने आशंका जताई है कि रेलिंग के अभाव में किसी समय गंभीर हादसा हो सकता है।
ग्राम पंचायत रमपुरी ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चोरों के विरुद्ध FIR दर्ज करने, चोरी किए गए लोहे के पाइपों की बरामदगी करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। शिकायत के बाद अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि पुल की रेलिंग कब और कितनी मात्रा में काटकर चोरी की गई तथा इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
