Dindori News : भोजनालय की आड़ में मजदूरों के पलायन का आरोप, वाहन से श्रमिकों को ले जाने की सूचना…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

 

सूत्रों के अनुसार छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों की ओर ले जाए जा रहे श्रमिकों की पंजीयन और दस्तावेजों की जांच की मांग…

 

डिंडौरी। जिले में मजदूरों के दूसरे राज्यों की ओर पलायन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार डिंडौरी–समनापुर मार्ग स्थित भवानी रेस्टोरेंट एवं फैमिली कैबिन/भवानी भोजनालय से मजदूरों को एकत्र कर छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों की ओर ले जाने की सूचना सामने आई है। मामले में Force Cruiser वाहन क्रमांक CG 19 BE 6537 का उपयोग किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

सूत्रों के मुताबिक उक्त वाहन से मजदूरों को उनके सामान सहित बाहर ले जाया जा रहा है। आरोप है कि मजदूरों के पलायन से संबंधित आवश्यक रिकॉर्ड, पंचायत स्तर की पलायन पंजी और श्रम विभाग से जुड़े दस्तावेजों की स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मजदूरों को रोजगार के लिए दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है, तो संबंधित व्यक्ति या ठेकेदार के पंजीयन, लाइसेंस, मजदूरों की सूची, गंतव्य स्थल और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच होना जरूरी है। खासतौर पर वाहन में क्षमता से अधिक श्रमिकों को ले जाने की स्थिति में उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ सकते हैं।

मामले को लेकर श्रम विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है। विभाग द्वारा मौके पर पहुंचकर वाहन, मजदूरों, कथित ठेकेदार तथा भोजनालय परिसर से संबंधित गतिविधियों की जांच की जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।

फिलहाल पूरा मामला जांच का विषय है। सूत्रों के माध्यम से सामने आई जानकारी की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि संबंधित वाहन CG 19 BE 6537, मजदूरों के पलायन से जुड़े रिकॉर्ड तथा भोजनालय संचालक/ठेकेदार की भूमिका की जांच कर स्थिति स्पष्ट की जाए। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *