Dindori News : मजदूरों को काम का इंतजार, मशीनों से बन रही श्मशान घाट की सड़क,मशीनों के इस्तेमाल से ग्रामीणों में नाराजगी…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत करौंदी के श्मशान घाट में चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि गांव में पर्याप्त संख्या में स्थानीय श्रमिक मौजूद हैं। इससे स्थानीय मजदूरों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है।

 

ग्रामीणों के अनुसार पंचायत क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों से स्थानीय श्रमिकों को रोजगार मिलने की उम्मीद रहती है, लेकिन सीसी रोड निर्माण में मशीनों के इस्तेमाल के कारण उन्हें काम का अवसर नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रोजगार नहीं मिलने के कारण मजदूरों को काम की तलाश में दूसरे क्षेत्रों की ओर पलायन करना पड़ता है।

 

इधर, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि श्मशान घाट जैसे सार्वजनिक स्थल तक बनाई जा रही सड़क का निर्माण निर्धारित तकनीकी एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि सड़क लंबे समय तक उपयोगी बनी रहे।

 

ग्रामीणों ने संबंधित पंचायत एवं जनपद अधिकारियों से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और मशीनों के उपयोग की जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी स्पष्ट करने की मांग की गई है कि स्थानीय श्रमिकों को निर्माण कार्य में रोजगार क्यों नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मौके पर जांच किए जाने के बाद ही निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता स्पष्ट हो सकेगी।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *