कांस्टेबल के लिए 22 सितंबर से, उप निरीक्षक के लिए 23 सितंबर तक आवेदन का मौका
डिंडौरी । मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में युवाओं के लिए बड़ी भर्ती का अवसर सामने आया है। पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के तहत कांस्टेबल (GD) और उप निरीक्षक (SI) के कुल 8,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कांस्टेबल (GD) के कुल 7,500 पद हैं, जिनमें 700 SAF और 6,800 अन्य पद शामिल हैं। कांस्टेबल पद के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होकर 6 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रथम चरण की संभावित लिखित परीक्षा 19 नवंबर 2026 को आयोजित होगी।
वहीं, उप निरीक्षक (SI) के 500 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 23 सितंबर 2026 है। आवेदन में संशोधन 28 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा। SI भर्ती की प्रथम चरण की संभावित लिखित परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
दोनों भर्ती परीक्षाओं में प्रथम चरण की लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), दस्तावेज परीक्षण और अंतिम मेरिट की प्रक्रिया से गुजरना होगा। चयन निर्धारित नियमों एवं मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
परीक्षा शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में प्रति प्रश्न पत्र 500 रुपये शुल्क निर्धारित है। वहीं मध्यप्रदेश के मूल निवासी SC, ST, OBC, EWS एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। नियमानुसार पात्र अभ्यर्थियों को शुल्क में छूट का प्रावधान भी रहेगा।
अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित पात्रता, आयु सीमा, पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न, शुल्क और ऑनलाइन आवेदन की विस्तृत जानकारी मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.esb.mp.gov.in पर देख सकते हैं।
मध्यप्रदेश पुलिस की इस भर्ती को प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी सेवा में प्रवेश का बड़ा अवसर माना जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना निर्धारित समय में आवेदन करने की सलाह दी गई है।
