Dindori News : विकसित भारत-जीराम-जी योजना का शुभारंभ, अब जॉब कार्डधारकों को 125 दिन का रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। जनपद पंचायत अमरपुर की ग्राम पंचायत साम्हर में गुरुवार को विकसित भारत-जीराम-जी योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराने और गांवों के समग्र विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

विधायक ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जॉब कार्ड पर 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही 1 जुलाई 2026 से मजदूरी दर बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। यदि निर्धारित समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता है तो श्रमिकों को विलंबित भुगतान का लाभ मिलेगा। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा समय पर रोजगार उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति में पात्र हितग्राहियों को बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि विकसित भारत-जीराम-जी योजना के अंतर्गत कार्यों को चार प्रमुख श्रेणियों में शामिल किया गया है, जिनमें जल सुरक्षा एवं संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन एवं प्रतिकूल मौसम से निपटने संबंधी कार्य शामिल हैं। इन श्रेणियों के आधार पर ग्राम पंचायतें स्वयं अपनी कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्य कराएंगी।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अमरपुर के अध्यक्ष हन्नू सिंह पट्टा, जिला पंचायत सदस्य प्रीतम सिंह मरावी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश नारनौरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सरपंचों एवं ग्रामवासियों ने विकसित भारत-जीराम-जी योजना का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *