Anganwadi Bharti 2026 : 12वीं पास महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी ! मध्यप्रदेश में आंगनवाड़ी भर्ती का बड़ा ऐलान, 2,548 पदों पर होगी नियुक्ति….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

781 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 1,767 सहायिका पदों पर होगी भर्ती, 13 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

 

भोपाल। मध्यप्रदेश महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेशभर की महिलाओं के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 2,548 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें 781 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 1,767 आंगनवाड़ी सहायिका के पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और आवेदन 1 जुलाई 2026 से शुरू होकर 13 जुलाई 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।

 

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल एमपी ऑनलाइन के चयन पोर्टल के माध्यम से ही किए जा सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 15 जुलाई 2026 तक संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। किसी भी प्रकार के ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

 

जारी विज्ञप्ति के अनुसार भर्ती मानदेय आधारित एवं पूर्णतः अस्थायी होगी। आवेदन करने वाली महिला उसी ग्राम, वार्ड अथवा नगरीय क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए, जहां संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र में पद रिक्त है। अन्य क्षेत्र की महिलाओं के आवेदन मान्य नहीं होंगे।

 

भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। साथ ही 1 जनवरी 2026 की स्थिति में अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। आरक्षित वर्ग की महिलाओं को शासन के नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।

 

ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करने होंगे। आवेदन शुल्क 100 रुपये तथा उस पर 18 प्रतिशत जीएसटी निर्धारित किया गया है।

 

विभाग द्वारा जारी रिक्तियों के अनुसार भर्ती प्रदेश के सभी संभागों के 55 जिलों में की जाएगी। सबसे अधिक रिक्तियां कई जिलों में सहायिका पदों के लिए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी पद या आंगनवाड़ी केंद्र से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित पाया जाता है या प्रशासनिक कारण उत्पन्न होते हैं, तो संबंधित पदों की भर्ती पर विभाग का निर्णय अंतिम होगा। आवश्यकता पड़ने पर रिक्तियों की संख्या में संशोधन अथवा भर्ती प्रक्रिया को निरस्त करने का अधिकार भी विभाग के पास सुरक्षित रहेगा।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग ने पात्र महिला अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर केवल आधिकारिक एमपी ऑनलाइन चयन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करें तथा आवेदन करने से पहले विभाग द्वारा जारी सभी नियम, शर्तें एवं पात्रता संबंधी निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन अवश्य करें।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *