Dindori News : एक क्लिक में पहुँची करोड़ों की मदद, संबल 2.0 से डिंडौरी के 156 परिवारों को मिली राहत….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी । मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेशभर के पात्र हितग्राहियों के खातों में अनुग्रह सहायता राशि हस्तांतरित की। इसी क्रम में डिंडौरी जिले के 156 हितग्राहियों को कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। जिले में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला एनआईसी वीसी रूम में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने कार्यक्रम का अवलोकन किया।

 

योजना के तहत जनपद पंचायत बजाग के 14 हितग्राहियों को 28 लाख रुपये, डिंडौरी के 12 हितग्राहियों को 24 लाख रुपये, करंजिया के 34 हितग्राहियों को 70 लाख रुपये, समनापुर के 31 हितग्राहियों को 64 लाख रुपये, अमरपुर के 30 हितग्राहियों को 62 लाख रुपये, मेंहदवानी के 13 हितग्राहियों को 28 लाख रुपये तथा शहपुरा के 15 हितग्राहियों को 32 लाख रुपये की सहायता राशि मिली। वहीं नगर परिषद डिंडौरी के 3 हितग्राहियों को 6 लाख रुपये और नगर परिषद शहपुरा के 4 हितग्राहियों को 8 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई।

 

कार्यक्रम के दौरान शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने हितग्राहियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीब एवं असंगठित श्रमिक परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन हर जरूरतमंद के साथ खड़ा है और किसी भी समस्या की स्थिति में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाएगा।

 

इस अवसर पर डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, जनपद पंचायत अध्यक्ष आशा सिंह, सांसद प्रतिनिधि सुधीरदत्त तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, पूर्व अध्यक्ष देववती वालरे, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम रामबाबू देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संबल योजना के हितग्राही एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम में लाभान्वित हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संबल 2.0 योजना कठिन समय में उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन रही है और इससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *