— खनिज विभाग का विशेष अभियान जारी, नियमों के उल्लंघन पर दर्ज होंगे प्रकरण
डिंडौरी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को अवैध रूप से रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे तीन वाहनों को जब्त किया गया।
खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मेहंदवानी क्षेत्र के ग्राम मेहंदवानी में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP51AA8639 एवं MP52AA7738 को बिना वैध अनुमति रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहनों को कार्रवाई के बाद सुरक्षा की दृष्टि से थाना मेहंदवानी में खड़ा कराया गया है। वहीं ग्राम हिनौता क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP51AA1659 को अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन करते हुए पाया गया। संबंधित वाहन को भी जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना डिंडौरी में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए तीनों वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और राजस्व हानि को रोकने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
