— 75 हजार लीटर की पानी टंकी का छज्जा मिला क्षतिग्रस्त, जांच में गुणवत्ताहीन कार्य की पुष्टि
डिंडौरी। जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने विकासखंड बजाग के ग्राम बिलाईखार में निर्माणाधीन नल-जल योजना के तहत किए गए गुणवत्ताहीन निर्माण पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार पी.एस. कंस्ट्रक्शन द्वारा निर्मित 75 हजार लीटर क्षमता की उच्च स्तरीय पानी की टंकी के छज्जे के जर्जर एवं क्षतिग्रस्त होने की खबरें हाल ही में विभिन्न समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित एवं प्रसारित हुई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल जांच कराई।
जांच में निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जबलपुर के अधीक्षण यंत्री को संबंधित संविदाकार पी.एस. कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट किए जाने हेतु प्रस्ताव भेजा गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक हित और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि जिले में सभी विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों, यह सुनिश्चित किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




