डिंडौरी। हायर सेकेंडरी स्कूल चांदरानी को यथावत संचालित रखने की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग डिंडौरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विद्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने का विरोध करते हुए छात्रों के हित में वर्तमान स्थान पर ही संचालन जारी रखने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि हायर सेकेंडरी स्कूल चांदरानी वर्षों से क्षेत्र के 12से 14 गांवों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। आसपास के आदिवासी एवं पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राएं 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तय कर यहां अध्ययन करने आते हैं। ऐसे में यदि विद्यालय को कचनपुर स्थित नए भवन में स्थानांतरित किया जाता है, तो विद्यार्थियों को 25 से 30 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि चांदरानी स्थित विद्यालय क्षेत्र के लिए एक संकुल केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। विद्यालय के स्थानांतरण से गरीब एवं आदिवासी परिवारों के बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि वर्तमान विद्यालय भवन को सुरक्षित रखते हुए किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए और उसी भवन में विद्यालय का संचालन जारी रखा जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय चांदरानी में संचालित रहने से बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा होगी और क्षेत्र में शैक्षणिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, यदि विद्यालय भवन का अतिक्रमण किया गया अथवा विद्यालय को स्थानांतरित किया गया तो क्षेत्र के पालक एवं ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर डिंडौरी, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग, क्षेत्रीय विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष को प्रेषित की गई है।
