मध्यप्रदेश के भिंड में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा मध्यप्रदेश ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए किसान मोर्चा भिंड के जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति निरस्त कर दी है। यह कार्रवाई ग्वालियर से भिंड तक निकाली गई सैकड़ों वाहनों की रैली के बाद की गई है।
दरअसल प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 13 मई 2026 को सज्जन सिंह यादव के नेतृत्व में ग्वालियर से भिंड तक किसान मोर्चा की रैली आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में वाहनों का काफिला शामिल था। पार्टी संगठन ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई ऊर्जा बचत की अपील की अवहेलना माना है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्रदेश संगठन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार सज्जन सिंह यादव को किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष भिंड के पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि पार्टी संगठन आगामी समय में अनुशासन और सार्वजनिक संदेशों को लेकर और अधिक सख्ती बरत सकता है।

