डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. रमेश सिंह मरावी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्याम सिंह सिंगौर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ममता दीवान, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राजकुमार डोंगरे, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयश्री मरावी सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में 1 अप्रैल 2026 से 7 मई 2026 तक स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इस दौरान एएनसी पंजीयन, गंभीर एनीमिया, पीआईएच प्रबंधन, टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केन्द्र (एनआरसी), आयुष्मान कार्ड, मातृ एवं शिशु मृत्यु, सिकल सेल एनीमिया तथा टीबी कार्यक्रम की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
समीक्षा के दौरान एएनसी पंजीयन की उपलब्धि कम पाए जाने पर उप स्वास्थ्य केन्द्र चुरिया, सरई, बिछिया, जमगांव, सैलवार, बम्हनी, जाताडोंगरी, झगरहटा एवं बढ़ईगढ़ की सीएचओ एवं एएनएम का पांच दिवस का वेतन काटने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए। वहीं टीबी नोटिफिकेशन, स्क्रीनिंग और एक्स-रे उपलब्धि कम मिलने पर जिला समन्वयक सहित एसटीएलएस एवं एसटीएस को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। समस्त बीपीएम और बीसीएम को विकासखंड स्तर पर सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एनआरसी में बच्चों की कम भर्ती होने पर अमरपुर और समनापुर के खंड चिकित्सा अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की पोर्टल एंट्री कम पाए जाने पर सभी बीएमओ और बीपीएम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर एम एंड ई एनएचएम को भी नोटिस जारी करने की बात कही गई।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सभी जिला नोडल अधिकारियों, बीएमओ और बीपीएम को विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की शत-प्रतिशत पोर्टल एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि लापरवाही मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।




