Dindori News : चाट-चौपाटी का शुभारंभ, स्वच्छता के सख्त नियम लागू—प्लास्टिक बैन, डस्टबिन अनिवार्य, रात 10 बजे तक संचालन…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

चाट-चौपाटी शुरू, स्वच्छता-सुरक्षा के नियम लागू—रात 10 बजे तक ही खुलेगी

 

डिंडौरी। जिलेवासियों को एक नई सौगात देते हुए सोमवार को गल्ला गोदाम मंडी परिसर में बहुप्रतीक्षित चाट-चौपाटी का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथियों द्वारा फीता काटकर चौपाटी का उद्घाटन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस दौरान डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

 

 

लंबे समय से शहर में एक व्यवस्थित फूड जोन की मांग की जा रही थी, जिसे जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए साकार किया। नवस्थापित चाट-चौपाटी न केवल शहर के सौंदर्य को बढ़ाएगी, बल्कि बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनेगी।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने चौपाटी को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने दुकानदारों को निर्देशित किया कि प्रत्येक दुकान में अनिवार्य रूप से दो डस्टबिन रखें और प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चौपाटी के संचालन का समय रात्रि 10 बजे तक निर्धारित किया गया है।

 

कलेक्टर ने नगर परिषद को चौपाटी क्षेत्र में शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए बैनर, फ्लैक्स और स्कैनर लगाने के निर्देश भी दिए। वहीं शहर के मुख्य मार्गों के डिवाइडर पर किसी भी प्रकार के होर्डिंग, बैनर या झंडे नहीं लगाने की हिदायत दी गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण रखा जा सके।

 

विधायक ओमकार मरकाम ने इस पहल को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि अब नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न व्यंजनों का आनंद मिलेगा। उन्होंने दुकानदारों को नशीले पदार्थों की बिक्री से दूर रहने की सलाह भी दी। भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से नगर विकास को नई दिशा मिल रही है। कार्यक्रम में एसडीएम रामबाबू देवांगन, एसडीओपी जगदीश द्विवेदी, अमित तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार सहित नगर परिषद और पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *