डिंडौरी। जिले में शराब विक्रय व्यवस्था को पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर तथा कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में डिंडौरी की सभी देशी एवं विदेशी कम्पोजिट शराब दुकानों में रेट लिस्ट और बारकोड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब आम नागरिकों को शराब दुकानों में उपलब्ध उत्पादों की मात्रा, गुणवत्ता, कीमत और उपलब्धता की स्पष्ट जानकारी आसानी से मिल सकेगी। बारकोड प्रणाली के माध्यम से उपभोक्ता उत्पाद की वास्तविकता और विवरण की स्वयं जांच भी कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शराब बिक्री में हो रही अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा और दुकानदारों द्वारा अधिक कीमत वसूलने या गलत जानकारी देने जैसी शिकायतों में कमी आएगी। यह व्यवस्था उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
आबकारी विभाग ने सभी दुकानदारों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




