डिंडौरी। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई 1 मई 2026 को वृत्त शहपुरा और समनापुर क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों के आधार पर दबिश देकर की गई।
कार्रवाई के दौरान मानिकपुर निवासी नरेश कुमार से 50 पाव रॉयल सेलेक्ट रम, पिपरहा निवासी सुखदेव सिंह से 32 पाव गोवा व्हिस्की, सरई निवासी कांति बाई से 8 पाव गोवा व्हिस्की, 8 पाव गोवा रम और 10 पाव देशी मदिरा बरामद की गई। वहीं ग्राम सक्का निवासी लोकबती बाई के पास से 7 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की गई। आबकारी टीम ने कुल 108 पाव अवैध शराब जब्त की, जिसमें 17.64 लीटर विदेशी मदिरा, 1.80 लीटर देशी मदिरा और 7 लीटर कच्ची शराब शामिल है। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 15,880 रुपये बताई गई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) ‘क’ के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर आबकारी अधिकारी बैधनाथ वासनिक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रहलाद सिंह चौहान, सम्हर सिंह धुर्वे सहित आबकारी अमले और नगर सैनिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
