डिंडौरी। पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी आशीष खरे के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में समनापुर पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
— ये रहा पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे थाना समनापुर क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में मृतक की पहचान कमल सिंह मरावी के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी हिंरदिया बाई ने पुलिस को बताया कि दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय गांव के सुकल सिंह मरावी ने उसके पति से विवाद करते हुए धक्का-मुक्की की। इसके बाद आरोपी ने तालाब के पास कमल सिंह मरावी को पकड़कर पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पास के जंगल में फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेन्द्र सिंह ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी की संभावित लोकेशन का विश्लेषण कर घने जंगल में सघन सर्च अभियान चलाया। करीब चार से पांच घंटे की लगातार तलाश और जंगल की घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी सुकल सिंह मरावी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जिला जेल डिण्डौरी भेज दिया गया।
— सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम, थाना प्रभारी समनापुर निरीक्षक हरिशंकर तिवारी, उप निरीक्षक लक्ष्मीप्रसाद पुष्पकार, सउनि. संतोष यादव, सउनि. कमल सिंह उइके, सउनि. खेमवती मरावी, प्रधान आरक्षक भारत लाल बसन्त, राजेश मरावी, संतोष धुर्वे, कृष्णपाल सिंह एवं आरक्षक सुनील कुमार पट्टा की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।




