डिंडौरी। जिले में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सर्व शिक्षा अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान कक्षा 1 से 8वीं तक सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे, जिसके लिए 30 अप्रैल 2026 की समय-सीमा तय की गई थी।
निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं होने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने डीपीसी स्टाफ, बीआरसी, एपीसी, बीईओ सहित स्कूलों के संस्था प्रमुखों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जब तक शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक वेतन जारी नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राथमिकता के आधार पर नामांकन अभियान को पूर्ण करें, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत व्यवस्थित और सुचारु रूप से हो सके। बैठक में डीपीसी श्रीमती श्वेता अग्रवाल, एपीसी श्रीमती प्रमिला मिश्रा, श्री अमित गौलिया, सहायक यंत्री बीके मिश्रा, प्रोग्रामर अनुराग पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




