— सीमित संसाधनों में बड़ी सफलता, पूजा परमार ने 429 अंक से किया टॉप
डिंडौरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा घोषित कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले की छात्रा कुमारी पूजा परमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हायर सेकेंडरी स्कूल सिमरिया में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। पूजा ने 500 में से 429 अंक अर्जित कर विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
ग्राम बहेरा माल निवासी पूजा परमार एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता कमल सिंह परमार खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद पूजा ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय के शिक्षकों ने पूजा की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों और परिजनों ने पूजा की सफलता पर गर्व जताते हुए उसका उत्साहवर्धन किया। पूजा परमार की यह सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य को हासिल करने का सपना देखते हैं।

