— अचानक बदले सियासी समीकरण, जानिए किसके साथ गए नामी वकील
डिंडौरी। जिले के शहपुरा नगर में आम आदमी पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आयोजित एक महत्वपूर्ण सदस्यता कार्यक्रम में नगर के कई प्रतिष्ठित अधिवक्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को नई मजबूती प्रदान की।
कार्यक्रम आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष निर्मल कुमार साहू की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जहां अधिवक्ता अमित गुप्ता, कैलाश मरावी और अमित विश्वकर्मा ने पार्टी की नीतियों एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे संघर्ष से प्रभावित होकर सदस्यता ली। इस दौरान उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सुविधाएं पहुंचाने के लिए पार्टी के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
जिला अध्यक्ष निर्मल कुमार साहू ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं का पार्टी से जुड़ना संगठन के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी को न केवल मजबूती मिलेगी, बल्कि जनहित के मुद्दों को और प्रभावी तरीके से उठाने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष विनय कुमार झारिया, लीगल विंग जिलाध्यक्ष लवकुश झारिया एवं सोशल मीडिया प्रभारी शारदा नामदेव सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इसे संगठन विस्तार की दिशा में एक अहम कदम बताया। शहपुरा में अधिवक्ताओं का यह जुड़ाव स्पष्ट संकेत दे रहा है कि क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के प्रति लोगों का विश्वास और समर्थन तेजी से बढ़ रहा है।




