डिंडौरी। जिले में चल रहे HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में डिंडौरी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे मध्यप्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जारी जिला-वार रिपोर्ट के अनुसार डिंडौरी ने 66.26 प्रतिशत टीकाकरण के साथ प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
पत्र में उल्लेखित जानकारी के अनुसार जिले को 7,913 का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 5,243 हितग्राहियों का टीकाकरण किया जा चुका है। यह प्रदर्शन प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में सबसे बेहतर रहा है।
इस उपलब्धि के पीछे कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत डिंडौरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी की प्रभावी कार्ययोजना को प्रमुख कारण बताया गया है। प्रशासन द्वारा सतत मॉनिटरिंग, गांव-गांव जागरूकता अभियान और विभागीय समन्वय के चलते टीकाकरण अभियान को गति मिली।
स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से जिले में टीकाकरण को लेकर सकारात्मक माहौल बना, जिससे लक्ष्य की दिशा में तेजी से प्रगति हुई। प्रशासन ने शेष लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिले की इस उपलब्धि को प्रदेश स्तर पर एक मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।




