Breaking News : नक्शा-सीमांकन के नाम पर सौदेबाजी..? वीडियो वायरल होते ही पटवारी पर गिरी गाज…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

रिश्वत का वीडियो वायरल: धरवारा के पटवारी को ‘कारण बताओ’ नोटिस

मध्यप्रदेश के कटनी जिले की स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम धरवारा में पदस्थ हल्का पटवारी महेंद्र मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजस्व महकमे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कथित तौर पर किसान से नक्शा बटांकन और सीमांकन के बदले पैसों की मांग और लेनदेन का दृश्य सामने आया है।

वहीं वीडियो सामने आते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए राकेश चौ‍रसिया, एसडीएम बहोरीबंद ने संबंधित पटवारी को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब तलब किया है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि समय सीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि लोक सेवा केंद्र के माध्यम से प्राप्त आवेदन के निराकरण के बदले अवैध राशि की मांग की गई थी। आरोप है कि किसान बारेलाल से न केवल राशि ली गई, बल्कि अतिरिक्त पैसे की डिमांड भी की जा रही थी। यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो यह कृत्य सेवा नियमों के विरुद्ध होने के साथ भ्रष्टाचार की श्रेणी में भी आएगा।

सूत्रों का कहना है कि मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच और संभावित कड़ी कार्रवाई पर टिकी है। क्या यह सिर्फ एक मामला है या राजस्व व्यवस्था में जमी किसी बड़ी गड़बड़ी का संकेत? आने वाले दिनों में जांच की दिशा और कार्रवाई से तस्वीर साफ होगी।

सोर्स:—जनसम्पर्क विभाग कटनी

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *