भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मण्डल, मध्यप्रदेश (एमपीबीएसई) ने शिक्षण सत्र 2025-26 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन प्रविष्टि में विषयों से संबंधित त्रुटि सुधार की तिथि बढ़ा दी है। बोर्ड द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छात्रहित को ध्यान में रखते हुए अब विषय संशोधन की ऑनलाइन सुविधा 10 जनवरी 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
पूर्व में यह सुविधा 21 दिसम्बर 2025 तक 500 रुपये प्रति विषय अर्थदण्ड के साथ प्रदान की गई थी। संशोधित आदेश के अनुसार, निर्धारित तिथि 10 जनवरी 2026 के बाद परीक्षा केंद्र या मण्डल स्तर पर किसी भी प्रकार के विषय संशोधन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने स्पष्ट किया है कि शेष सभी नियम एवं निर्देश पूर्ववत् लागू रहेंगे। बोर्ड ने विद्यार्थियों और संबंधित विद्यालयों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक संशोधन सुनिश्चित करने की अपील की है। यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी भूपेश गुप्ता द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
