Dindori SIR 2026 : 9,841 मृत, 2,103 दोहरी, 2,024 अनुपस्थित व 6,989 स्थानांतरित—कुल 20,948 निर्वाचक चिन्हित….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधियों के साथ प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचक नामावली से जुड़ी प्रक्रिया, समय-सीमा तथा नागरिक सहभागिता पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि आम नागरिक अपने-अपने मतदान केंद्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालयों एवं अन्य अभिहित स्थलों पर प्रारूप निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर सकते हैं। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर सर्च सुविधा के माध्यम से भी नाम की जांच की जा सकती है। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले निर्वाचकों की सूची भी सीईओ की वेबसाइट पर प्रदर्शित की गई है, जिसे पंचायत भवनों, नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत कार्यालयों के सूचना पटल पर भी चस्पा किया गया है।

जिले के विधानसभा क्षेत्रों में गणना अवधि के दौरान कुल 20,948 निर्वाचक चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 9,841 मृत, 2,103 दोहरी प्रविष्टि, 2,024 अनुपस्थित, 6,989 स्थानांतरित और 27 अन्य कारणों से संबंधित हैं। यह सूची पूर्व में मतदान केंद्रवार बीएलओ एवं बीएलए की बैठक में साझा की जा चुकी है। प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। इसके पश्चात 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक गणना प्रपत्रों की जांच, नोटिस जारी करने एवं दावे-आपत्तियों के निराकरण की कार्यवाही आयोग की समय-सारणी के अनुसार की जाएगी। सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को प्रारूप निर्वाचक नामावली की एक हार्ड कॉपी एवं एक फोटो रहित सीडी के साथ मतदान केंद्रों की सूची भी उपलब्ध कराई गई।

बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की गई कि पात्र किंतु छूटे हुए नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6, अयोग्य व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 तथा प्रविष्टियों में सुधार हेतु प्रपत्र-8 भरने में आमजन को सहयोग प्रदान करें। बीएलए के माध्यम से प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन सत्यापन के उपरांत प्रस्तुत किए जा सकते हैं। नाम जोड़ने एवं राज्य से बाहर से स्थानांतरित निर्वाचकों के मामलों में घोषणा पत्र अनिवार्य रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं को प्रेरित कर निर्वाचक नामावली में शामिल कराने का आह्वान किया। अंत में सभी से विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु सक्रिय सहयोग प्रदान कर निर्वाचक नामावलियों की शुद्धता सुनिश्चित करने की अपील की गई। बैठक में एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित जनप्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह ठाकुर, आशीष वैश्य, जावेद इकबाल, पंकज यादव, शुभम मरावी,राकेश परस्ते सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *