Dindori News : नहर बनी पर पानी नहीं! 11 साल बाद भी सूखी नहरें, किसान परेशान… जिम्मेदार बने अनजान….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले के जनपद पंचायत मेंहदवानी क्षेत्र करोड़ो की लागत से बनी दनदना जलाशय देवरगढ़ बांध से सिंचाई के लिए पानी न मिलने से नाराज़ 10 से अधिक ग्रामों के किसानों व ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की। सुखलौड़ी, गुझियारी, राखी, खम्हरिया, उमरिया, चाटा, खजरवारा, पारापानी, कठौतिया, बगली और मुरका सहित कई ग्रामों के ग्रामीणों ने बताया कि जलाशय वर्ष 2010-11 में तैयार हुआ था, लेकिन 11 वर्ष बीत जाने के बावजूद नहरों में एक बूंद पानी नहीं छोड़ा गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नहरों का निर्माण तो कर दिया गया, पर पानी खेतों तक पहुंचाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। उनका कहना है कि वर्ष 2023 के चुनाव में यह मुद्दा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के सामने भी रखा गया था, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए। किसानों ने यह भी शिकायत की कि ग्राम सुखलौड़ी के पास मुख्य नहर से पानी ओवरफ्लो होकर किनारे के खेतों को नुकसान पहुँचाता है, जिससे आगे का प्रवाह रुक जाता है और दूसरे गांव पानी से वंचित रह जाते हैं।

सिंचाई पानी न मिलने से हर साल किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। कई परिवार तो लगातार फसल खराब होने से रोजगार की तलाश में पलायन तक करने को मजबूर हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सिंचाई विभाग को कई बार आवेदन देने के बाद भी अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया और इसे शासन का मामला बताकर टाल दिया। ग्रामीणों ने कलेक्टर महोदया से मांग की कि इस वर्ष नवंबर–दिसंबर तक खेतों तक सिंचाई का पानी अवश्य पहुंचाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो किसान उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *